Rajasthan Weather: मौसम विभाग की चेतावनी! 21 से 27 नवंबर तक बारिश, ठंड और तेज होने की संभावना

Rajasthan Weather: पहाड़ों से चल रही ठंडी हवाओं ने उत्तर और मध्य भारत में सर्दियों का असर और भी बढ़ा दिया है। खासतौर पर राजस्थान के कई जिलों में सर्द हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी है। इस सीजन में पहली बार राजस्थान में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया है। शनिवार को शेखावाटी क्षेत्र के फतेहपुर में सुबह का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। इसके अलावा सीकर, अलवर, और फतेहपुर जैसे कई शहरों में भी ठंड ने अपना जोर दिखाया है।
ठंडी हवाओं ने कई जिलों में बढ़ाई ठंड
पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं और सर्द लहर के कारण राजस्थान के कई इलाकों में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। दिन और रात के तापमान में अचानक गिरावट देखी जा रही है। इस ठंडी हवा से सीकर, झुंझुनू, और टोंक जैसे जिले सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। फतेहपुर में 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ ठंड ने रिकार्ड बनाया है। नाऔर जिले में भी सर्दी ने दस्तक दी है, जहां तापमान 5.8 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा बीकानेर, दौसा, सिरोही, चूरू, करौली, अलवर, झुंझुनू और बारां में भी ठंड का प्रभाव महसूस किया गया।

राजस्थान के अन्य शहरों में तापमान का हाल
राजस्थान के विभिन्न शहरों में न्यूनतम तापमान का हाल भी काफी ठंडा रहा। अजमेर में 10.5, भीलवाड़ा में 11.6, बनस्थली में 8.3, अलवर में 8.5, जयपुर में 12.6, पिलानी में 9.5, सीकर में 6 डिग्री, कोटा में 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चित्तौड़गढ़ में 11, बाड़मेर में 15.7, जैसलमेर में 13, जोधपुर में 11.1, फलौदी में 16 और बीकानेर में 13 डिग्री तापमान रहा। इसके अलावा चूरू में 8.2, श्रीगंगानगर में 10.6, नाऔर में 5.8, जालोर में 10.1, अंता बारां में 9.5, सिरोही में 8, फतेहपुर में 5, दौसा में 6.9 और प्रतापगढ़ में 13.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
नवंबर अंत तक बारिश की संभावना, ठंड और बढ़ेगी
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में 21 नवंबर से 27 नवंबर के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। अगर इस दौरान बारिश होती है तो ठंड और बढ़ेगी। इस बारिश से ठंड के थपेड़े और तेज होंगे और तापमान में और गिरावट आ सकती है। इसलिए लोगों को मौसम के अनुसार सावधानी बरतनी चाहिए। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करना जरूरी हो जाएगा।
सर्दी से बचाव के उपाय और सावधानियां जरूरी
बढ़ती ठंड और सर्द हवाओं के बीच सभी को अपने स्वास्थ्य का खास ध्यान रखना होगा। खासकर बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। अधिक ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनना, गरम पानी पीना और बाहर जाने से बचना जरूरी है। साथ ही घरों में उचित ताप व्यवस्था बनाए रखना लाभदायक होगा। मौसम के बदलाव के अनुसार जागरूक रहना और समय-समय पर मौसम की जानकारी लेना भी आवश्यक है।






