अंतर्राष्ट्रीय

जोधपुर हादसे पर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, मृतकों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता; बोले- दुख की इस घड़ी में परिवारों के साथ हूं

राजस्थान के जोधपुर जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है. इस भीषण टक्कर में कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की. पीएम मोदी ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में केंद्र सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है.

प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राजस्थान के फलौदी में हुए सड़क हादसे में कई निर्दोष लोगों की जान चली गई, यह बेहद दुखद है. मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. उन्होंने आगे बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी.

वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री ने भी हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने का आदेश दिया है. प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अस्पताल पहुंचाया गया ताकि किसी की जान न जाए.

जानकारी के अनुसार हादसे के शिकार श्रद्धालु बीकानेर के कोलायत दर्शन कर लौट रहे थे. मतोड़ा इलाके में खड़े ट्रेलर से उनकी गाड़ी की भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने शवों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए भेजा.

फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी हुई है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को कारण बताया जा रहा है. जोधपुर का यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा के गंभीर सवाल खड़े करता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button