Jaipur News: जयपुर में दिनदहाड़े कार लूट, GPS से दो घंटे में बरामद — पंजाब की युवती गिरफ्तार

Jaipur News: जयपुर के सीतारामपुरी कॉलोनी में शनिवार सुबह सनसनी फैल गई, जब दो हथियारबंद बदमाशों ने कुछ ही सेकंड में स्कूल मालिक की कार लूट ली और फरार हो गए। कार में स्कूल मालिक का पालतू कुत्ता भी मौजूद था। घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई और पूरा मामला तूल पकड़ गया। CCTV फुटेज में दोनों बदमाश साफ दिखाई दिए, जिसके बाद फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी करवाई और कार में लगे GPS ट्रैकर की मदद से पीछा शुरू किया। दो घंटे के भीतर कार बरामद कर ली गई, और मौके से एक युवती को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अपराधी जंगल में फरार हो गए।
कैसे हुई वारदात? बंदूक दिखाकर चालक को उतारा, कार उड़ाई
मामला शनिवार सुबह 8 बजे का है। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में रहने वाली स्कूल मालिक को लेने के लिए उनका चालक घर पहुँचा था। उसने मालिक का पालतू कुत्ता कार में बैठाया और खुद ड्राइविंग सीट पर बैठा ही था कि तभी एक बदमाश दबे पांव कार की अगली सीट पर आकर बैठ गया। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही दूसरा अपराधी पीछे से आकर पिस्टल तान देता है। उन्होंने चालक को धक्का देकर कार से बाहर निकाला और पलक झपकते ही कार लेकर फरार हो गए। कुत्ता भी कार में ही रह गया। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद GPS और CCTV कैमरों के जरिए लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई।

GPS ने बचाया मामला — कार बरामद, महिला पकड़ी गई, मुख्य आरोपी फरार
लगातार लोकेशन ट्रैकिंग के चलते पुलिस ने शाहपुरा हाईवे के पास कार का पता लगा लिया। कार के अंदर स्कूल मालिक का पालतू कुत्ता सुरक्षित मिला। उसी कार में एक युवती भी मौजूद थी, जिसे पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया। युवती की पहचान नव सीरत कौर के रूप में हुई, जो पंजाब की रहने वाली और आरोपी लवजीत सिंह की गर्लफ्रेंड है। दोनों आरोपी — लवजीत सिंह और कोमल सिंह, कार छोड़कर जंगल में भाग निकले। DCP नॉर्थ करन शर्मा के अनुसार, दोनों फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है। गिरफ्त में आई नव सीरत नर्सिंग की छात्रा है।
इंदौर में भी किया था प्रयास, कुत्ते को फेंकने से युवती ने रोका
पूछताछ में नव सीरत ने पुलिस को बताया कि इससे चार दिन पहले ये तीनों इंदौर में भी कार लूटने का प्रयास कर चुके थे, लेकिन सफल नहीं हो पाए। इसके बाद वे शनिवार सुबह जयपुर पहुँचकर यह वारदात कर गए। नव सीरत लूट के वक्त थोड़ी दूरी पर खड़ी थी, जिसके बाद अपराधियों ने उसे कार में बैठा लिया। जांच में यह बात भी सामने आई कि अपराधी कुत्ते को रास्ते में फेंकने का प्लान बना रहे थे, लेकिन नव सीरत ने कुत्ते को “क्यूट” बताकर उसे नुकसान पहुँचाने से रोक दिया। फिलहाल पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जंगल में कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है और इस गैंग के इंडोर-जयपुर कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।






