
Dharmendra Death: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार (24 नवंबर 2025) को बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र का जाना भारतीय कला जगत के लिए एक ऐसी क्षति है जिसे कभी भरा नहीं जा सकता। राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। लगभग सात दशक लंबे उनके सिनेमा योगदान को सदा सम्मान और प्रेम के साथ याद किया जाएगा।” उन्होंने आगे लिखा कि वे धर्मेंद्र को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और इस दुख की घड़ी में परिवार, मित्रों और लाखों प्रशंसकों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं।
भारतीय सिनेमा के सबसे प्रिय सितारों में से एक धर्मेंद्र ने सोमवार (24 नवंबर 2025) को मुंबई में अंतिम सांस ली। वे पिछले करीब एक महीने से गंभीर रूप से बीमार थे और अस्पताल में इलाज चल रहा था। कुछ दिन पहले डॉक्टरों ने उन्हें घर ले जाने की सलाह दी थी। घर लाए जाने के कुछ समय बाद ही उनका निधन हो गया। अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग, रोमांटिक अंदाज़ और दमदार एक्शन से दर्शकों का दिल जीतने वाले धर्मेंद्र को ‘ही-मैन ऑफ हिंदी सिनेमा’ कहा जाता था। उनका जाना न सिर्फ फिल्म जगत बल्कि पूरे देश के लिए गहरा झटका है, जिसने उन्हें दशकों तक पर्दे पर चमकते देखा है।
महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा।
धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस दुख की घड़ी में… pic.twitter.com/a4Wl1JOM3G
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 24, 2025
प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति मुर्मू सहित कई नेताओं ने जताया शोक
धर्मेंद्र के निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक जगत में भी शोक की लहर फैल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि धर्मेंद्र का जाना भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि धर्मेंद्र की सरलता और उनका अभिनय हमेशा दर्शकों के दिलों में जीवित रहेगा। देश के कई नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि धर्मेंद्र ने अपनी अभिनय कला से अनगिनत पीढ़ियों को प्रभावित किया है। उनकी लोकप्रियता इतनी थी कि स्क्रीन पर वे जो भी किरदार निभाते, दर्शक उसे पूरे दिल से स्वीकार कर लेते थे।
सात दशक का सफर: 250 से अधिक फिल्मों में दिखाया अपना जलवा
करीब सात दशक लंबे अपने करियर में धर्मेंद्र ने 250 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। वे हिंदी सिनेमा के उन चुनिंदा कलाकारों में से थे, जिन्होंने रोमांस, कॉमेडी, एक्शन और ड्रामा—सभी शैलियों में महारत हासिल की। उनकी सबसे मशहूर फिल्मों में शोले, यमला पगला दीवाना, यमला पगला दीवाना 2, अपने, प्रतिज्ञा, धर्मवीर और सीता और गीता शामिल हैं। धर्मेंद्र का फिल्मी सफर पीढ़ियों तक प्रेरणा देने वाला है। उन्होंने साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर कोई भी कलाकार दर्शकों के दिलों में अमर हो सकता है। आज उनके चाहने वाले सिर्फ भारत में नहीं, बल्कि दुनिया भर में फैले हैं, और उनकी यादें सिनेमा प्रेमियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।






