Women’s World Cup 2025: इतिहास रच गईं भारत की बेटियां, पहली बार बना महिला क्रिकेट विश्व कप की चैंपियन

Women’s World Cup 2025: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर इतिहास रच दिया है। यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं बल्कि हर भारतीय के लिए गर्व का पल है। इस शानदार प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि यह ऐतिहासिक जीत भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण टीम वर्क और दृढ़ता दिखाई और यह जीत नई चैंपियन बेटियों को खेलों में आने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी टीम इंडिया की इस उपलब्धि पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेटरों ने न केवल एक ट्रॉफी जीती है बल्कि पूरे देश का दिल जीत लिया है। उनके साहस और आत्मविश्वास ने भारत को गौरवान्वित किया है और यह पल भारतीय खेल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।
गृहमंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर कहा कि विश्व चैंपियन टीम इंडिया को सलाम। उन्होंने कहा कि यह जीत देश का गौरव बढ़ाने वाली है और इसने लाखों लड़कियों के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त किया है। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने इसे इतिहास का गौरवशाली क्षण बताया और कहा कि 140 करोड़ भारतीय इस जीत की खुशी मना रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी टीम इंडिया की तारीफ की और कहा कि यह जीत हर खिलाड़ी के समर्पण और मेहनत का परिणाम है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमारी महिला खिलाड़ियों ने साहस धैर्य और शालीनता से पूरे देश का दिल जीत लिया है। उनकी यह उपलब्धि हर उस लड़की को प्रेरित करेगी जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रही है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी टीम की तारीफ करते हुए कहा कि यह जीत नई पीढ़ी की लड़कियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला टीम ने साबित कर दिया है कि वे दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक हैं और आने वाले समय में और भी बड़ी जीतें हासिल करेंगी।




